उत्तर प्रदेश के अमरोहा में नाबालिग छात्र की हत्या से सनसनी फैल गई। टीनशेड में चारपाई पर सो रहे कक्षा दस के छात्र की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्यारोपियों ने छात्र के सीने से सटाकर गोली मारी थी। बुधवार की सुबह घटना की जानकारी होने से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिजनों ने किसी भी तरह की रंजिश से इनकार किया है। अज्ञात हत्यारोपियों के खिलाफ तहरीर दे दी गई है।
यह मामला आदमपुर थाना इलाके के गुरेठा गांव की है। यहां रहने वाले स्व. रमाकांत शर्मा की तीन साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह अपनी पत्नी और पांच बच्चों के साथ गवां में रहकर मेडिकल चलाते थे। पिता की मौत के बाद दूसरे नंबर का 14 वर्षीय बेटा गणेशदत्त शर्मा मेडिकल स्टोर को संभालता था और कक्षा 10 की पढ़ाई भी कर रहा था।
मंगलवार की शाम छात्र गणेशदत्त शर्मा अपने गांव आया था। रात को पशुशाला के पास टीनशेड में पड़ी चारपाई पर सो रहा था। जबकि उसके रिटायर्ड शिक्षा दादा महेंद्र प्रसाद पास के कमरे में सो रहे थे। इसी बीच रात्रि में किसी समय अज्ञात लोगों ने सीने में गोली मारकर गणेशदत्त शर्मा की हत्या कर दी।
परिजनों को घटना की जानकारी बुधवार सुबह को हो सकी। इसके बाद परिजनों में चीखपुकार मच गई। थोड़ी देर में ग्रामीणों में भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल पर जांच पड़ताल की गई। एएसपी चंद्रप्रकाश शुक्ला और सीओ सतीश कुमार पांडेय ने मुआयना किया।