मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में रक्षाबंधन पर छुट्टी लेकर घर आए सीबीसीआईडी के निरीक्षक वीर सिंह की अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार शाम आई रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत होने की पुष्टि हुई है।
मझोला थानाक्षेत्र के विवेक विहार निवासी वीर सिंह सीबीसीआईडी बरेली में निरीक्षक के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि रविवार को वह रक्षाबंधन पर छुट्टी लेकर घर आए थे। बेटे नितिन ने पुलिस को बताया कि रविवार देर रात अचानक पिता को सीने में दर्द होने लगा। उन्होंने बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों से इसकी जानकारी दी।
परिजन उन्हें दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए और भर्ती करा दिया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मझोला थाने की पुलिस अस्पताल पहुंच गई और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। मझोला थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हार्ट अटैक से मौत होने की बात सामने आई है।