मुरादाबाद। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात इलेक्ट्रानिक्स सामान की दुकान में आग लग गई। इसमें पुरानी और एलईडी टीवी, वाशिंग मशीनें और एक स्कूटी जलकर राख हो गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन उससे पहले ही आस पड़ोस के लोगों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया था। दुकान स्वामी ने कोतवाली में तहरीर दी है कि किसी ने जानबूझकर दुकान में आग लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के नई सड़क निवासी मोहम्मद लईक ने बताया कि रेती स्ट्रीट में एलएस नाम से इलेक्ट्रानिक्स सामान बेचने की दुकान है। उन्होंने बताया कि रोज की तरह शुक्रवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद करने के बाद घर चले गए। रात करीब सवा दस बजे किसी ने उन्हें सूचना दी कि दुकान में आग लग गई है। मोहम्मद लईक और उनके परिजन तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि दुकान में टाइल्स लगाने का कार्य चल रहा था। जिस कारण दुकान में पानी के ड्रम भरे रखे हुए थे। इसके अलावा पानी की मोटर का पाइप भी वहीं पड़ा था। उन्होंने मोहल्ले वालों की मदद से आग पर काबू पा तो लिया, लेकिन तब तक नई व पुरानी 120 एलईडी टीवी, एक स्कूटी और पांच वाशिंग मशीनें जलकर राख हो गईं।
लईक का कहना है कि उन्हें शक है कि किसी ने उनकी दुकान में आग लगाई है। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की है। जिससे पता चला है कि दुकान में पीछे से ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतल फेंकी थी। जिसकी वजह से आग लगी है। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि दुकान स्वामी ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। उधर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर टीम भेजी गई थी। टीम के पहुंचने से पहले ही क्षेत्रीय लोगों ने आग बुझा ली थी।