मुरादाबाद। जिले में सात दिन कोरोना की जीरो की चेन टूट गई। गौर ग्रेशियस में रहने वाले पंद्रह वर्षीय किशोर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बाहर जाने के लिए किशोर ने कोविड की जांच कराई थी। ऐसे में ढिलाई न बरतें। संक्रमण की नई चेन बनने से रोकें।
जिले में कोरोना की रफ्तार धीमी पड़ने लगी है। संक्रमण के उतार चढ़ाव के बीच पॉजिटिव केसों की संख्या घट बढ़ रही है। इस लहर में 54 दिनों बाद बीस फरवरी को संक्रमण की चेन टूटी थी। लेकिन चौबीस घंटे बाद ही आठ संक्रमित मरीज मिल गए थे। फिलहाल इस लहर में पिछले सात दिनों से जिले में कोरोना का स्कोर जीरो है। 27 फरवरी से पांच मार्च तक सरकारी और निजी लैब से आई रिपोर्ट निगेटिव रही। कोई नया केस नहीं मिला। लेकिन रविवार को कोरोना की शून्य की चेन टूट गई। बाहर जाने के लिए गौर ग्रेशियस में रहने वाले किशोर ने शनिवार को निजी लैब में कोविड की जांच कराई थी। रविवार को रिपोर्ट आई तो वह पॉजिटिव निकला। स्वास्थ्य विभाग की टीम किशोर के संपर्क में रहे लोगों की सूची तैयार कर सैंपल कराएगी। वहीं रविवार को कोई मरीज डिस्चार्ज नहीं किया गया। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या अब तीन हो गई है।
उधर, आईआईटी कानपुर के विज्ञानियों ने भी आशंका व्यक्त की है कि कोरोना की चौथी लहर जून में आ सकती है। ऐसे में और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।
-