मुरादाबाद। दूसरी डोज लगवाने के लिए कोविड कमांड सेंटर से फोन करके बुलाए गए लोगों को टीकाकरण के लिए जिला अस्पताल में इंतजार करना पड़ा। टीकाकरण में देरी होने पर लोग भड़क गए और हंगामा शुरू कर दिया। इसके चलते टीकाकरण कार्य तीस मिनट तक प्रभावित रहा।
शनिवार को सिर्फ वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जा रही है। अधिक से अधिक लोग दूसरी डोज लगवाएं, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और कोविड कमांड सेंटर की ओर से दूसरी डोज वालों को फोन भी किया जाता है। दूसरी डोज लगवाने वाले कुछ लोग शनिवार सुबह नौ बजे जिला अस्पताल पहुंच गए। लेकिन उन्हें टीका लगवाने के लिए दो घंटे इंतजार करना पड़ा। इन लोगों को केंद्र में प्रवेश से रोक दिया गया। जिसे लेकर लोगों का गुस्सा भड़क गया। टीकाकरण कराने के लिए लोग हंगामा करने लगे।
लोगों का कहना था कि जब सुबह टीका नहीं लगाना था तो फोन करके क्यों बुलाया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. दीपक वर्मा ने बताया कि शनिवार को दूसरी डोज के लिए स्लॉट बुक कराने वालों को सुबह नौ बजे 11 बजे तक टीका लगाया जाता है। इस दौरान बिना बुकिंग वालों को टीका नहीं लगाया जाता है। ऐसे लोगों को 11 बजे के बाद टीका लगाया जाता है।