टांडा (रामपुर)। थाना क्षेत्र में मोहनपुरा गांव के निकट एक कार के ब्रेक फेल हो गए लेकिन, चालक ने सूझबूझ से कार को हाईवे से हटाकर एक पेट्रोल पंप के बाहर बनी पौधों की क्यारी से टकरा दिया। जिससे कार एक साइड से पलट गई और रुक गई लेकिन, इसमें कार में सवार कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
ग्राम बांसखेड़ा काशीपुर (उत्तराखंड) निवासी रियासत अली अपने परिवार के साथ चौकी मानपुर( मुरादाबाद) में एक रिश्तेदारी में शादी में शामिल होने गए थे। देर शाम जब वो अपने घर वापस लौटने लगे तो टांडा से निकलने के बाद ग्राम मोहनपुरा के आगे उनकी कार के ब्रेक फेल हो गया जब चालक को ब्रेक फेल होने का अहसास हुआ तो उसने कार के एक्सीलेटर से पैर हटाकर कार को हाईवे किनारे कर लिया और कुछ दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप की ओर मोड़ दी। इसके बाद चालक ने पेट्रोल पंप पर लगे पौधों के लिए बनी क्यारी से टकराकर कार को रोक दिया। हालांकि इस दौरान कार एक साइड से पलट गई लेकिन, इस हादसे में कार सवार कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ और कार रुक भी गई। कार पलटते ही पंप पर और उसके पास मौजूद मौजूद लोगों ने आनन फानन में गाड़ी में फंसे लोगों को निकाला और गाड़ी को सीधा किया। इस दौरान गाड़ी में मौजूद अयान(22) रियासत अली (65), हिना (32) तथा गुलशन (35) मामूली चोटें ही आईं। सूचना मिलने पर पुलिस तथा परिजन मौके पर पहुंच गए। सभी कार सवार के सकुशल होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और कार सवार लोगों को परिजन अपने साथ ले गए।