मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में गुरुवार को हुए हादसे में घायल फर्मकर्मी की उपचार के दौरान मौत हो गई। तीन दिन पहले डिलारी निवासी फर्मकर्मी की बाइक में कार ने टक्कर मार दी थी। इसके बाद से फर्म कर्मी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डिलारी के गांव पीलकपुर स्योराम निवासी राम प्रसाद (45) कटघर के डेहरी गांव स्थित निर्यात फर्म में काम करते थे। गुरुवार रात करीब आठ बजे वह बाइक पर मुरादाबाद से घर लौट रहे थे। रामपुर दोराहा से आगे काशीपुर रोड पर एकहोटल के सामने कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी थी।
हादसे में रामप्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे, उन्हें उपचार के लिए कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार रात राम प्रसाद की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि राम प्रसाद की पत्नी कुंती की तीन साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। परिवार में दो बेटे पुष्पेंद्र, शारदा और एक बेटी पूजा हैं।