मुरादाबाद। करूला क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस पर परिवार वालों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
थाना प्रभारी कटघर आरपी सिंह ने बताया कि शनिवार रात करूला क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में कुछ लोग धोबिया वाली मिलक देवापुर निवासी एक व्यक्ति का इलाज करा रहे थे। जहां उसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। इसके बाद वहां पहुंचे परिजनों में से कुछ लोग डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र को मौके पर भेजा गया। जानकारी करने पर पता चला कि मृतक के पेट में संक्रमण था। इससे पूर्व भी उसका उपचार उसी अस्पताल में हो चुका था। थाना प्रभारी ने बताया कि बाद में चिकित्सकों ने परिवार वालों से बातचीत की और उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। जिसके बाद वह सहमत हो कर मृतक का शव लेकर घर चले गए। दोनों ही पक्ष ने किसी तरह की कोई कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।