मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में मंगलवार रात सब्जी विक्रेता ने जहर की गोलियां खाकर पुलिस को फोन कर जिंदगी बचाने की गुहार लगाई। पुलिस मौके पर पहुंची तो उसकी हालत बिगड़ चुकी थी। पुलिस और परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है।
आत्महत्या करने वाला सब्जी विक्रेता मुकेश सक्सेना (40) कटघर थानाक्षेत्र के बसंतपुर रामराय गांव निवासी था। पत्नी रेखा और तीन बच्चों के साथ रहता था। गांव के बाहर सड़क पर वह सब्जी का ठेला लगता था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया था। इसके बाद उसने जहर की गोलियां खा लीं। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। इस दौरान उसने यूपी 112 पर कॉल की और बताया कि उसने जहर खा लिया। उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी है। उसने पुलिस कर्मियों से अपनी जिंदगी बचाने की गुहार लगाई। बोला, मुझे बचा लो।
पुलिस टीम मोबाइल लोकेशन को ट्रेस करते हुए बसंतपुर राम राय गांव पहुंच गई। उसने घर में उल्टियां की तो परिजनों ने पूछताछ की। तब उसने जहर खाने की बात कही तो परिजनों में हड़कंप मच गया। पुलिस और परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद मुकेश को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।