फेसबुक आईडी हैक करके सपा सांसद आजम खां के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर पोस्ट वायरल करने का आरोप लगाते हुए वार्ड सभासद ने पुलिस को तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। नगर के खाता कला निवासी और वार्ड 5 के सभासद आसिम रजा खान ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी फेसबुक आईडी को हैक कर लिया।
इसके बाद हैकर ने सपा सांसद आजम खां के बारे में अपशब्दों का प्रयोग कर पोस्ट को सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। जिससे उनकी छवि धूमिल हो रही है और उन्हें मानसिक ठेस भी पहुंची है। सभासद ने कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा चौकी प्रभारी सुरेश चंद्र ने बताया कि सभासद के द्वारा अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं सीओ मिलक धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि तहरीर मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच के लिए शिकायतकर्ता का मोबाइल लेकर जांच की जाएगी।
आजम खां के खिलाफ दर्ज मामले में 11 मार्च को होगी सुनवाई
रामपुर के सपा सांसद आजम खां के खिलाफ दर्ज अदालत के आदेश की अवमानना के मामले में सोमवार को सुनवाई नहीं हो पाई। जिसकी सुनवाई के लिए आगामी 11 मार्च की तारीख लगा दी गई है।