मुरादाबाद। गलशहीद थाने में शनिवार को धोखाधड़ी के आरोपी ने अपनी गर्दन पर हथकड़ी से हमलाकर आत्महत्या की कोशिश की। आरोपी की गर्दन से खून बहना शुरू हुआ तो पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस कर्मी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और उपचार कराया। इसके बाद घायल को बिना कार्रवाई घर भेज दिया।
पंजाब के अमृतसर निवासी अजीत सिंह गलशहीद क्षेत्र में किराये पर रहकर सोने चांदी का कारोबार करते हैं। दो माह पहले उन्होंने गलशहीद थाने में बिजनौर के शेरकोट थाना के शहजादपुर निवासी कोमल के खिलाफ केस दर्ज कराया था। जिसमें बताया था कि कोमल उसके पास नौकरी करता है।
कोमल को सोने के जेवर लेकर पंजाब भेजा था। आरोपी ने पार्टी के पास माल नहीं पहुंचाया। वह माल लेकर भाग गया। गलशहीद पुलिस की एक टीम आरोपी कोमल को हिरासत में लेकर थाने पर आई थी। शनिवार सुबह करीब आठ बजे उससे पूछताछ की जा रही थी।
इस बीच आरोपी कोमल ने हथकड़ी से अपनी गर्दन पर वार कर आत्महत्या की कोशिश की। उसकी गर्दन से खून बहना शुरू हुआ तो पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस कर्मी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया। यहां उपचार कराने के बाद कोमल को बिना कार्रवाई के ही उसके घर भेज दिया गया है।