मुरादाबाद। जनपद में बुधवार को 13 केंद्रों पर सीबीएसई बोर्ड 10वीं कक्षा की परीक्षा हुई। अंग्रेजी लिटरेचर का पेपर आसान देख विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। ज्यादातर विद्यार्थियों ने काफी समय शेष रहते प्रश्न पत्र हल कर लिया। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई गई। कुल 4207 पंजीकृत छात्रों में से 4275 ने परीक्षा दी। यह परीक्षा सुबह 10:30 से 12:30 बजे तक हुई।
कोरोना के नियमों का पालन करते हुए छात्रों को निर्धारित दूरी पर बैठाया गया। कुछ परीक्षार्थियों ने पेपर को लंबा बताया, जबकि ज्यादातर ने आसान बताया। तानिया, आस्था, यशी, रिया आदि परीक्षार्थियों ने बताया कि कोई प्रश्न आउट ऑफ सिलेबस नहीं था। सीबीएसई की सिटी कोऑर्डिनेटर शैफाली अग्रवाल ने बताया कि सभी 13 केंद्रों पर परीक्षा देने के लिए 4207 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 32 परिक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी है। कोविड नियमों का पालन करते हुए मास्क लगे होने के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया। एक कक्षा में 18 परीक्षार्थी ही बैठाए गए। इसमें दो कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई। साथ ही समय समय पर फ्लाइंग स्कॉड ने भी चेकिंग की।
पीएमएस स्कूल से सीबीएसई बोर्ड 10वीं की परीक्षा छूटने के बाद परीक्षार्थी बाहर निकले तो सिविल लाइंस में जाम लग गया। स्कूली छात्रों से लेकर अन्य लोग भी गर्मी में जाम में फंसने से परेशान रहे। हैनीमैन चौक से लेकर मुरादाबाद क्लब, पीली कोठी, शनि देव मंदिर, नंदन स्वीट्स तक वाहन मुश्किल से निकले। ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।