मुरादाबाद। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद पुलिस महकमा हरकत में आ गया है। जनपद में अब तक 516 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर की आवाज कम कराई जा चुकी है, जबकि पांच धार्मिक स्थलों से लाउउस्पीकर उतरवाए भी गए हैं। पुलिस की कार्रवाई जारी है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश और शासन के निर्देश पर बिना अनुमति धार्मिक स्थलों पर लगाए गए लाउडस्पीकर उतारने और ध्वनि कम करने का अभियान पुलिस ने छेड़ दिया है। मुरादाबाद में कांठ, छजलैट, पाकबड़ा, बिलारी, कुंदरकी, मूंढापांडे, भोजपुर, भगतपुर, डिलारी, ठाकुरद्वारा, कटघर, गलशहीद, कोतवाली, नागफनी, मुगलपुरा और सोनकपुर समेत जनपद के अन्य थानों में पुलिस और प्रशासन ने धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की जांच की। सीओ और थाना प्रभारियों ने पुलिस फोर्स साथ लेकर अपने अपने क्षेत्र में बिना अनुमति लगाए गए पांच लाउडस्पीकर उतरवाए, जबकि 516 लाउडस्पीकरों की आवाज कम कराई गई। यह लाउडस्पीकर निर्धारित से अधिक ध्वनि स्तर पर बजाए जा रहे थे। एसएसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि शासन के आदेश पर अभियान चलाया गया है। शोर फैलाने वाले लाउडस्पीकरों की ध्वनि सामान्य स्तर पर कराने और बिना अनुमति लगाए गए ध्वनि विस्तारक यंत्रों को हटाने का अभियान चलता रहेगा।