मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाले एक किसान से 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जमीन दिलाने का झांसा देकर रकम ठग ली थी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर एक महिला समेत पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कटघर थानाक्षेत्र के गोविंद नगर निवासी नरेश सिंह किसान हैं। उन्होंने बताया कि उनका मूंढापांडे थानाक्षेत्र के भदासना गांव निवासी योगेश कुमार और रामर क्षपाल सिंह के घर आना-जाना था। दोनों ने उन्हें मूंढापांडे क्षेत्र में रामपुर रोड से सटी जमीन दिखाई थी। दोनों ने सस्ते दामों पर जमीन दिलाने का वादा किया था। इसके बाद उन्होंने जमीन के मालिक मंडी बांस निवासी परेश अग्रवाल, निमेश अग्रवाल और निशा सरन से मिलवाया था। बातचीत के बाद 60 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से पांच बीघा जमीन का सौदा तय हुआ था। आरोप है कि उन्होंने एडवांस में दस लाख रुपये भी दे दिए थे। तीन दिन बाद योगेश ने कहा कि इतने कम पैसों में जमीन मालिक बैनामा कराने के लिए तैयार नहीं है। 50 लाख रुपये और देने होंगे। नरेश का दावा है कि उन्होंने 10 लाख रुपये परेश अग्रवाल तथा 10 लाख निमेश अग्रवाल और पांच लाख रुपये निशा सरन के खाते में 15 जून 2020 को जमा करा दिए थे। इसके अलावा योगेश और रामरक्षपाल को अपने घर बुलाकर 15 लाख रुपये और दिए थे। इसके बाद पीड़ित ने जमीन नापने को कहा तो आरोपियों ने फसल खड़ी होने की बात कहकर टाल दिया था। इसी बीच किसान को पता चला कि जिस जमीन का सौदा तय हुआ था। वो जमीन किसी अन्य को बेच दी गई है। उन्होंने इस मामले की शिकायत की तो आरोपी रकम लौटाने को तैयार हो गए थे। आरोपी योगेश और राम रक्षपाल ने 25 लाख रुपये के तीन चेक दिए जो बाउंस हो गए। नरेश का कहना है कि जमीन मालिक परेश ने तीन बार में पच्चीस लाख रुपये लौटा दिए थे, लेकिन योगेश और राम रक्षपाल पच्चीस लाख रुपये नहीं लौटा रहे हैं। आरोप है कि रकम मांगने पर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि महिला समेत पांच के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।