अहरौरा। जमुई से अहरौरा की ओर तेज गति से जा रहे ट्रक ने मंगलवार की रात भगौती देई गांव के पास सड़क के किनारे पैदल चल रही महिला को रौंद दिया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। राहगीरों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सीएचसी पहुंचाया जहां महिला की मौत हो गई।
क्षेत्र के भगौती देई गांव निवासी सरोजा देवी (36) तीन बच्चों के साथ अपने घर पर अकेली रहती थीं। मंगलवार की रात घर के काम से पास में ही स्थित दुकान से सामान लेने जा रही थीं कि तेज गति ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने बताया कि सरोजा की शादी चंदौली जिले में स्थित गांव में हुई थी। वह आसपास के क्षेत्र में मजदूरी करके अपने बच्चों का भरण पोषण करती थीं। ट्रक दुर्घटना के हादसे में महिला की हुई मौत के बाद उसके बच्चे अनाथ हो गए। पुलिस दुर्घटना के बाद ट्रक लेकर फरार हो चुके चालक की तलाश में जुटी हुई है।