अहरौरा। सोनभद्र से गिट्टी लादकर वाराणसी की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर रविवार को सुबह हनुमान घाटी के पास खाई में गिरकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक में आग लग गई। जान बचाने के लिए चालक और खलासी कूद गए। ट्रक से कूदने के कारण दोनों घायल हो गए। फायर ब्रिगेड ने ट्रक में लगी आग पर किसी तरह से काबू किया।
क्षेत्र के हनुमान घाटी के पास ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाने की कोशिश की, परंतु सफलता नहीं मिली। आग का गोला बना ट्रक जल गया। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया, तब कहीं जाकर आग पर काबू किया गया। चंदौली के नौगढ़ निवासी चालक राजनाथ व खलासी धर्मेंद्र ट्रक से कूद गए। चालक राजनाथ को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। हादसे के संबंध में चालक राजनाथ ने बताया कि घाटी के ढलान पर तकनीकी खराबी के चलते ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। इसके चलते हादसा हो गया। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि ट्रक में लगी आग पर काबू पा लिया गया। हादसे में घायल चालक को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया है। खलासी की स्थिति सामान्य है।