पड़री। थाना क्षेत्र के सिकरी गांव में बृहस्पतिवार की रात के समय शौच के लिए गई महिला पर युवक ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया। महिला को परिजन मंडलीय अस्पताल ले गए। जहां से ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
क्षेत्र के सिकरी गांव निवासी गीता तिवारी (50) वर्ष बृहस्पतिवार की रात सीवान में शौच के लिए गईं थी। उसी समय एक युवक ने गीता के पेट में चाकू से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोरगुल करने पर ग्रामीण जुट गए। ग्रामीणों को आते देख युवक मौके से भाग गया। परिजन घायल महिला को एंबुलेंस से लेकर मंडलीय अस्पताल गए। जहां से डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। घायल महिला गीता ने परिजनों को बताया कि गड़ैयानाला निवासी सूरज ने चाकू मारा है। घायल महिला के देवर कैलाश नाथ तिवारी ने थाने में सूरज के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष माधव सिंह ने बताया की घायल महिला के देवर कैलाश नाथ तिवारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज जांच की जा रही है। शुक्रवार की सुबह एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और छानबीन की।