मड़िहान। बैंक के 64 लाख रुपये के बकायेदार पूर्व एमएलसी राजेशपति त्रिपाठी के कठहवा फार्म हाउस पर बुधवार को वसूली के लिए एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, तहसीलदार लालता प्रसाद, इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधक राजा कुमार आदि कठहवा फार्म हाउस पहुंच गए। हालांकि अधिकारियों ने बकाया जमा करने के लिए उनको 31 दिसंबर अंत तक की मोहलत दे दी।
गोपलपुर गांव के कठहवा फार्म हाउस निवासी पूर्व एमएलसी कांग्रेस नेता राजेशपति त्रिपाठी व उनके पुत्र ध्रुवपति त्रिपाठी पर कामधेनु योजना तथा केसीसी का 64 लाख रुपये बकाया है। कई बार नोटिस जारी होने के बाद भी बकाया नहीं जमा किया गया। तहसीलदार लालता प्रसाद ने बताया कि बकाया जमा न होने पर विभाग न्यायालय की शरण में चला गया। न्यायालय के आदेश पर बकाया वसूली के लिए बुधवार को टीम फार्म हाउस पर पहुंची। तहसीलदार ने बताया कि इसके अलावा अमोई गांव निवासी रामनगीना पटेल की पत्नी संतरा देवी पर 18 लाख रुपये, पुत्र श्रवण कुमार व राजन पर क्रमशः 15 लाख व 12 लाख रुपये का बकाया है। आरसी जारी होने के बावजूद संग्रह अमीन नेताओं के घर जाने की हिम्मत नही जुटा पा रहे थे। बुधवार को एसडीएम के नेतृत्व में टीम बकायेदारों के यहां वसूली के लिए पहुंची। तहसीलदार ने बताया कि बकायेदारों को बैंक का बकाया जमा करने के लिए 31 दिसंबर तक समय दिया गया है। तय समय पर बकाया नहीं जमा करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।