मिर्जापुर। चील्ह थाना क्षेत्र के पुरजागिर बाजार स्थित रेलवे लाइन के पास हत्या कर फेंके गए युवक के शव मामले का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा किया है। प्रेम प्रपंच में ही युवक ने साथी के साथ मिलकर दूसरे प्रेमी युवक की हत्या कर दी। मामले का खुुलासा अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में किया।
भदोही जिले के कोईरौना थाना क्षेत्र के खेतलपुर गांव निवासी सुनील कुमार यादव उर्फ सोनी (23) बचपन से ही चील्ह थाना क्षेत्र के नएपुर तिलठी गांव स्थित अपने मामा के यहां रहता था। 27 फरवरी की रात को वह खाना खाने के बाद प्रतिदिन की तरह दूसरे मकान पर सोने चला गया। सुबह उसका शव पुरजागिर बाजार स्थित मथुरा ला कालेज के पास पुरानी रेलवे लाइन के पास फेंका मिला। छानबीन में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से हत्या में प्रयुक्त बाइक, हथौड़ा, सुनील का मोबाइल, शराब मिश्रित पानी की रक्तरंजित बोतल, डिस्पोजल ग्लास व नमकीन का रैपर बरामद किया।
एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि सुनील का मामा की पुत्री से प्रेम चल रहा था। लड़की का फुफेरा भाई अंकित निवासी तलवा थाना कोईरौना भदोही भी उससे प्रेम करता था। पूछताछ में अंकित ने बताया कि प्रेम प्रसंग की जानकारी होने के बाद सुनील उसे परेशान कर रहा था। इसपर उसने अपने साथी राधेश्याम यादव निवासी तलवा थान कोईरौना के साथ मिलकर सुनील को रेलवे लाइन के पास ले गए। सुनसान स्थान पर ले जाकर शराब पिलाने के बाद विवाद हुआ। इस बीच राधेश्याम ने हथौड़ी लाकर दी। उसे हथौड़ी से सिर पर हमला कर सुनील की हत्या कर दी।
घर से ट्बवेल पर जाने के बहाने निकला था
मिर्जापुर। अंकित रात को अपने चाचा की बाइक लेकर निकला था। घर पर बताया कि वह ट्यूबवेल पर जा रहा है। रात को हत्या करने के बाद घर आया। अगले दिन पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार में साथ रहा। इससे किसी को शंका नहीं हुई। पुलिस ने मोबाइल के लोकेशन से आरोपितों को गिरफ्तार किया।