मिर्जापुर। धान क्रय केंद्र प्रभारियों द्वारा धान का ऑनलाइन प्रेषण शत प्रतिशत न कराए जाने पर क्षेत्रीय प्रबंधक/जिला प्रबंधक पीसीएफ ने कड़ी नाराजगी जाहिर किया गया है। उन्होंने लगभग 16 धान क्रय केंद्र प्रभारियों सहित पीसीएफ से क्रय केंद्रों से संबद्ध ऐसे मिलर्स को नोटिस जारी किया है जिनके द्वारा उत्पादित चावल का 95 प्रतिशत से कम संप्रदान भारतीय खाद्य निगम में कराया गया है।
इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक/जिला प्रबंधक पीसीएफ वैभव कुमार की ओर से साधन सहकारी समिति बहुआर केंद्र प्रभारी चंद्रभान, साधन सहकारी समिति जमालपुर केंद्र प्रभारी प्रकाश, साधन सहकारी समिति जयपट्टी केंद्र प्रभारी रामजी प्रसाद, साधन सहकारी समिति विशेषरपुर केंद्र प्रभारी गोपाल सिंह, साधन सहकारी समिति मठना केंद्र प्रभारी मठना अमरनाथ सिंह व सहकारी संघ अदलहाट केंद्र प्रभारी आरती पटेल सहित सोलह केंद्र प्रभारियों को धान का ऑनलाइन प्रेषण शतप्रतिशत न कराए जाने के कारण अंतिम रजिस्टर्ड नोटिस जारी किया गया है। उक्त के सापेक्ष पीसीएफ के क्रय केंद्रों से संबद्ध जिस मिल के द्वारा उत्पादित चावल का 95 प्रतिशत से कम संप्रदान भारतीय खाद्य निगम में कराया गया है उनको भी नोटिस जारी किया गया है।