मिर्जापुर। केबी व जीडी बिनानी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव कराने के लिए बृहस्पतिवार को छात्रों ने रमई पट्टी तिराहा मार्ग को जाम कर दिया। छात्र नेताओं ने कहा कि पूर्व में किए धरना प्रदर्शन के दौरान प्रशासन से आश्वासन मिला था कि शीघ्र चुनाव करवाया जाएगा। जनवरी के प्रथम सप्ताह तक छात्र संघ चुनाव के लिए कार्यवाही के लिए का गया। लेकिन अब तक इस दिशा में कार्यवाही नहीं की गई।
छात्र नेताओं ने रास्ता जाम कर छात्रसंघ चुनाव के समर्थन में नारेबाजी की। देखते ही देखते वहां पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई। छात्रों ने कहा कि अविलंब छात्रसंघ चुनाव कराया जाए। इसी बीच रमई पट्टी तिराहा पर रास्ता रोके जाने से दोनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जुबली कॉलेज तक लंबा जाम लग गया। पुलिस के जवान वाहनों को रोककर इधर-उधर डायवर्ट करते दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि दोनों महाविद्यालय के प्रशासन ने जनवरी के तीसरे सप्ताह तक छात्रसंघ चुनाव कराने का विचार किया है लेकिन लगातार कार्यक्रम के चलते इसमें व्यवधान आ रहा था। छात्रनेताओं की पहले से ही मांग थी कि छात्रसंघ चुनाव कराया जाय। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह व एएसपी संजय कुमार वर्मा ने छात्रों से वार्ता की और उनको समझा बुझाकर शांत कराया।