चुनार। समाजवादी व्यापार सभा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को राज्यपाल को संबोधित पत्रक उपजिलाधिकारी को सौंप कर कानपुर के व्यापारी मनीष गुप्ता की हत्या के आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की ।
पदाधिकारियों ने कहा कि गोरखपुर पुलिस की ओर से रात्रि के समय होटल के कमरे से जांच पड़ताल का बहाना बनाकर उठाने व बुरी तरह से मारने पीटने से मनीष गुप्ता की मृत्यु हो गई। व्यापार सभा के जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की इस सरकार में पुलिस निरंकुश होती जा रही है व्यापारियों की हत्या, लूट, बलात्कार जैसी घटनाएं आम बात हो गई है। ज्ञापन के माध्यम से मांग किया कि जल्द से जल्द प्रकरण की न्यायिक जांच कराते हुए दोषी पुलिसकर्मियों को सख्त सजा दी जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके। साथ ही मांग की गई कि पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा व मृतक के पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए। नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष व्यापार संघ संतोष कुमार गुप्ता ने किया। इस दौरान नवयुवक अधिवक्ता समिति के अध्यक्ष मुन्नू प्रसाद गुप्ता, बच्चाबाबू सेठ, शिवपुजन यादव, सूर्यबली यादव, निजामुद्दीन, अशोक साहनी, नरेंद्र यादव, विजय देव यादव मौजूद रहे।