लालगंज। विकासखंड में अब तक 85 हजार लोगों की कोरोना जांच की गई है, जबकि आबादी लगभग दो लाख है। जांच टीम की सक्रियता और लगातार हो रही जांचों से ग्रामीण इलाके में स्वास्थ्य विभाग पर विश्वास बढ़ा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज की जांच टीम का नेतृत्व कर रहे मुकेश सिंह ने बताया कि शासन के दिशा निर्देश और अधीक्षक के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी के आदेशों के पालन के क्रम में नियमित जांच की जा रही है। अकेले लालगंज विकासखंड में 85 हजार लोगों की जांच की जा चुकी है। जांच टीम ने बताया कि हाल के दिनों में कोई भी कोरोना का रोगी नहीं पाया गया। गांव के लोग स्वयं जांच कराने स्वास्थ्य केंद्र पहुंच रहे हैं। यह चिकित्सा विभाग की जागरूकता मिशन का परिणाम है। तहसील मुख्यालय लालगंज होने के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज में कोविड की जांच कराने के लिए नियमित लोगों का आने का सिलसिला बना हुआ है। जांच में मुकेश सिंह, नीरज सिंह ,रमेश पांडे, राजेश श्रीवास्तव, शिवकुमार, विनय अपने दायित्व निर्वहन में लगे हुए हैं। महत्वपूर्ण बात तो यह है कि जांच टीम का नेतृत्व कर रहे मुकेश सिंह ने एक दिन भी छुट्टी कोरोना काल में नहीं ली। अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने बताया कि लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 24 घंटे चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहते हैं।
कालेज में हुआ टीकाकरण
मिर्जापुर। दूधनाथ तिराहा स्थित मां बलिराजी डीएड कालेज में मंगलवार को कोविड-19 टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों को टीका लगाया गया। एएनएम सोनी, इंदुसिंह, आशा, विंध्यरत्ना श्रीवास्तव व कालेज के स्टाफ थे।