नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने शुक्रवार की सुबह दक्षिणी सबरी वार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों, परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पैदल घूम कर वार्ड की समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चौधरी गली में सीवर और पानी का कनेक्शन दिया जाएगा।
पालिकाध्यक्ष ने वार्ड की दलित बस्ती, बाबा की मड़ई, साकेतपूरी कॉलोनी, जायसवाल कॉलोनी, बहेलिया गली, चौधरी की गली, सबरी चुंगी, भैसहिया टोला, अहिराना गली इत्यादि स्थानों पर घूमकर स्थलीय निरीक्षण किया। सबरी चुंगी चौराहे पर वाटर कूलर में करंट आने की शिकायत की गई। नपाध्यक्ष ने तत्काल जलकल के अधिकारियों को इसे दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। वार्ड भ्रमण के दौरान कई जगहों पर चेंबर टूटे मिले। जिसको नपाध्यक्ष ने बदलने का निर्देश दिया। चौधरी गली में सीवर डालने के बावजूद कनेक्शन ना होने की शिकायत की गयीं। नपाध्यक्ष ने चौधरी गली में सीवर और पानी के कनेक्शन को जल्द से जल्द कराने के लिये अवर अभियंता को निर्देशित किया। हयात नगर में चेंबर टूटने की बार-बार शिकायत आने पर चेम्बर को बदलकर लोहे के चेंबर को लगाने के लिये नपाध्यक्ष ने निर्देशित किया। बहेलिया गली से दीनदयाल चौराहे तक खुली नाली को ढंकने का भी निर्देश नपाध्यक्ष ने अवर अभियंता को दिया। इस मौके पर प्रीतम केसरवानी, धर्मेंद्र गुप्ता, चंदन जयसवाल, उदय भान तिवारी, लाल बाबू श्रीवास्तव, प्रशांत पांडेय आदि थे।