मिर्जापुर। नरायनपुर में बाजार में अवैध क्लीनिक में उपचार से एक बालिका के अपंग होने की शिकायत पर पीसीपीएनडीटी की टीम ने शनिवार को छानेमारी की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक को सीज कर एक सप्ताह में संतोषजनक जवाब न मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है। इसके अलावा टीम ने एक और कलीनिक को सीज कर दूसरे को नोटिस दिया।
अदलहाट थाना क्षेत्र के ददरी गांव निवासी रामआसरे की दो वर्षीय पुत्री को सप्ताह भर पूर्व बुखार आया। रामआसरे ने बेटी का नरायनपुर बाजार स्थित एक झोलाछाप के यहां इलाज कराया। जहां सुई लगने के बाद बालिका अपंग हो गई। पिता ने एसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने कार्रवाई के लिए सीएमओ को कहा। सीएमओ ने पीसीपीएनडीटी की टीम को भेजकर कार्रवाई का निर्देश दिया।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुबोध सिन्हा व लिपिक वीपी मिश्रा की टीम ने छापेमारी कर बिना डिग्री और रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहे रमाशंकर पटेल की क्लीनिक को सील कर दिया। इसके अलावा जमुई स्थित रामाश्रे पाल के क्लीनिक को भी सील कर दिया। एक सप्ताह में प्रमाण प्रस्तुत न करने पर केस दर्ज कराकर कार्रवाई की बात कही। इसके बाद जमुई स्थित राजेश पाल के जनता सेवा क्लीनिक को नोटिस देकर एक सप्ताह में रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के लिए कहा है। डॉ. सुुबोध सिन्हा ने कहा कि दो क्लीनिक को सील कर एक को नोटिस दिया गया है।