मां विंध्यवासिनी के दरबार में सपा के प्रदेश अध्यक्ष
- फोटो : अमर उजाला
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने रविवार को कहा कि जिस जाति का अपमान हुआ है, उसे पार्टी गले लगाने को तैयार है। वह मिर्जापुर जिले में मड़िहान विधानसभा स्थित राइस मिल में पांचों विधानसभाओं के बूथ व सेक्टर पदाधिकारियों के कार्यकर्ता सम्मेलन व समीक्षा बैठक में संबोधित कर रहे थे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मतदाता सूची के नाम संशोधन की प्रक्रिया को आंदोलन के रूप में चलाएं। बूथ अध्यक्षों से अपील की कि समय रहते कोविड-19 का वैक्सीन निश्चित रूप से लगवा लें, और दूसरों को भी लगवाने के लिए प्रेरित करें। जो वैक्सीन नहीं लगाएगा वह चुनावी ड्यूटी नहीं कर सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए कहा कि कहा कि यह अंतिम लड़ाई है। भाजपा को उखाड़ कर फेंकना है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई चरम पर है।
सपा गरीबों का करती है सम्मान
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार आई तो 55 लाख पेंशनरों को दो हजार रुपये प्रति माह दिया जाएगा। सपा गरीब, दलित, महिलाओं का सम्मान करती है। आय दोगुना करने की बात कहने वाली भाजपा सरकार ने किसानों के साथ छल किया है। डीजल पेट्रोल खाद के दाम व बिजली के बिल आसमान छू रहे हैं। सरकार पूंजीपतियों की झोली भर रही है। यह बातें सपा प्रदेश अध्यक्ष ने मड़िहान विधानसभा कार्यालय पर स्वागत के दौरान कहीं। कहा कि किसानों को एमएसपी का लाभ नहीं मिल रहा है। सरकार पिछड़ों, दलितों का आरक्षण समाप्त कर रही है। सरकार की गलत नीतियों के चलते प्रदेश में लाखों युवा बेरोजगार हो गए।