सिटी ब्लाॅक क्षेत्र के अर्जुनपुर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत अभियान जोर नहीं पकड़ रहा है। संचारी रोग नियंत्रण माह के दौरान गांव के सार्वजनिक स्थानों पर जगह-जगह गंदगी हवा में उड़ रही है।
गांव में गंदगी निस्तारण के लिए अर्जुनपुर में आरआरसी सेंटर (कूड़ा संग्रह केंद्र) का निर्माण अधूरा है। अधिकारियों के तमाम निर्देश के बावजूद इसमें काफी कार्य अधूरे हैं। गांव में सफाईकर्मियों की तैनाती के बावजूद गांव के यादव, बिंद व दलित बस्तियों में सार्वजनिक स्थानों और आवागमन मार्ग पर इधर-उधर गंदगी हवा में उड़ रही है। साफ-सफाई न होने से नालियां बजबजा रही हैं। इसी तरह से धनपट्टी में साफ-सफाई नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सफाईकर्मी गांव में तैनात तो हैं लेकिन सफाई नहीं हो रही है।
एडीओ पंचायत डॉ अनुप दुबे ने बताया कि पूर्व में तैनात सचिव बीमार चल रहे हैं। जिसके चलते आरआरसी सेंटर अधूरा है। उनके स्थान पर गांव में दूसरे सचिव की तैनाती कर दी गई है। शीघ्र ही सेंटर तैयार कर हैंडओवर करा दिया जाएगा।