मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने निजी स्कूलों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर चुनाव में सहयोग की अपील की। कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश पर शत प्रतिशत पोलिंग पार्टियों को उनके मतदान स्थल तक बसों से ही भेजा जाएगा। इसके लिए बसों की पर्याप्त संख्या में व्यवस्था के लिए आपके के सहयोग की जरूरत है।
बसों की व्यवस्था के लिए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी स्कूल प्रबंधक व प्राचार्य अपने स्कूलों की बसों को मतदान कार्य में भेजने के साथ ही बस नंबर, सीट क्षमता, ड्राइवर का नाम व मोबाइल नंबर तथा भुगतान के लिए खाता नंबर, बैंक का नाम, आईएफसी कोड का विवरण भी संभागीय परिवहन अधिकारी को उपलब्ध करा दें। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि सभी बसो में जीपीएस भी लगाया जाएगा। कहा कि आरटीओ के द्वारा भेजे गए निर्देश के अनुसार निर्धारित तिथि पर अपनी बसों को राजकीय पालीटेक्निक में भेजना सुनिश्चित करें। कहा कि सभी लोग निर्वाचन कार्य में सहयोग की भावना के साथ अपना सहयोग प्रदान करें। मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, एआरटीओ विजय कुमार सिंह व सभी स्कूलों के प्रबंधक व प्राचार्य उपस्थित रहे।