मिर्जापुर। जनता की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को जनपद के समस्त थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समस्त थानों में आए 84 मामलों में से 17 का ही निस्तारण किया जा सका। अन्य मामलों के निस्तारण के लिए टीम को रवाना किया गया। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह ने लालगंज थाने में फरियाद सुनी एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने कोतवाली देहात और और कटरा कोतवाली में फरियाद सुनी।
जिगना, थाना समाधान दिवस पर तहसीलदार सदर फूलचंद यादव व थानाध्यक्ष विजय कुमार सरोज के समक्ष कुल 13 शिकायती पत्र आए। इसमें 10 राजस्व विभाग व तीन पुलिस विभाग से संबंधित था । राजस्व विभाग द्वारा एक मामले का निस्तारण भी किया गया। तहसीलदार सदर ने राजस्व विभाग के मामले में टीम गठित कर जल्द निस्तारण करने का निर्देश दिया है।
कछवां, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर शनिवार को कछवां थाने पर थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान थाने पर चार शिकायतें आई। जो पुलिस व राजस्व विभाग से संबंधित थी। एक समस्या का मौके पर मौजूद अधिकारियों ने त्वरित निस्तारण कर दिया। जिन समस्याओं का तत्काल निस्तारण नहीं हो सका। उन्हें संबंधितों को निस्तारण के लिए भेज दिया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष शैलेश कुमार सिंह, एचएसआई विनय कुमार राय, पुनीत गुप्ता आदि रहे।
हलिया, स्थानीय थाना परिसर में शनिवार को थाना समाधान दिवस सीओ लालगंज उमाशंकर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। जिसमें कुल चार प्रार्थना पत्र पड़े। जिसमें चारों प्रार्थना पत्र का निस्तारण कर दिया गया। समाधान दिवस पर तहसील से किसी अधिकारी के नहीं पहुंचने पर फरियादी मायूस दिखे। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक विपिन सिंह, राजस्व निरीक्षक राजेंद्र यादव, लेखपाल, जगदीश सिंह, मान सिंह,राहुल यादव, कृष्ण चंद मिश्र, सहित राजस्व चकबंदी के लेखपाल उपस्थित रहे।
सात थानों में एक भी मामले का निस्तारण नहीं
मिर्जापुर। समाधान दिवस पर 84 में 17 मामलों का निस्तारण हुआ। कोतवाली शहर में तीन प्रार्थना पत्र, कटरा कोतवाली में एक प्रार्थना पत्र, देहात कोतवाली में छह प्रार्थना पत्र, चील्ह में पांच प्रार्थना पत्र, लालगंज में नौ प्रार्थना पत्र, अदलहाट में चार प्रार्थन पत्र, मड़िहान में सात प्रार्थना पत्रों में एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका। विंध्याचल में नौ प्रार्थना पत्र में चार, कछवां में चार प्रार्थना पत्र में एक, पड़री थाना में सात में दो, हलिया थाना में चार प्रार्थना पत्र में चार, जिगना थाना में 13 प्रार्थना पत्र में एक, चुनार कोतवाली में छह प्रार्थना पत्र में एक, जमालपुर में तीन प्रार्थना पत्र में दो, अहरौरा में तीन प्रार्थना पत्र में ो मामले का निस्तारण हुआ। शेष प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को रवाना किया गया है ।