मिर्जापुर। कलेेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित संचारी रोग नियंत्रण की तैयारी संबंधी आयोजित बैठक से नदारद जिलस्तर के आठ अधिकारियों का डीएम ने एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। साथ ही इस अनुशासनहीनता पर उन्होंने नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगे से ऐसे महत्वपूर्ण अभियानों की बैठकों से गायब होने वाले अधिकारियों के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही की जाएगी। बैठक से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, ईओ नगर पालिका, उप निदेशक कृषि, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी अनुपस्थित रहें।
दूसरी तरफ नोडल अधिकारी अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. डीएस राम द्वारा अभियान में अन्य विभागों की उपयोगिता को नहीं बता सकें। इस पर डीएम ने उन्हें भी फटकार लगाई। डा. डीएस राम ने बताया कि इस बार भी संचारी रोगो के रोकथाम हेतु प्रभावी उपाय अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया जाना है। अक्टूबर व नवम्बर 2021 में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान दोनों एक साथ चलाया जाएगा। डीएम ने कहा कि नगरीय व ग्रामीण स्तर पर फागिंग या छिड़काव कराने के लिए सभी सीएचसी और पीएचसी के माध्यम से ग्राम प्रधानों को दवा उपलब्ध कराया जाए। बैठक में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अजय सिंह, डॉ नीलेश कुमार श्रीवास्तव, डॉ डीएस राम के अलावा अन्य सभी संबंधित स्वास्थ विभाग अधिकारी उपस्थित रहे।