जमालपुर (मिर्जापुर)। मनरेगा प्रभारी बीडीओ पवन कुमार सिंह ने मंगलवार को ब्लाक मुख्यालय पहुंच कर कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा) के अतिरिक्त प्रभार का चार्ज लेते हुए मनरेगा भुगतान पर रोक लगा दी। फिर भी देर रात ब्लाक मुख्यालय से करोड़ों रुपया का भुगतान कर दिया गया। जिन गांवों के कार्य के लिए भुगतान नहीं किया गया, वहां के प्रधानों के विरोध पर मामला खुला। मनरेगा के तहत 18 ग्राम पंचायतों में हुए कार्यों के लिए भुगतान होना था। इस पर नए बीडीओ की ओर से रोक लगा दी गई।
आरोप है कि देर रात फर्जी सत्यापक कर 18 गांवों का एक करोड़ नौ लाख 57 हजार 713 रुपये का भुगतान कर दिया गया। इस बाबत पूछे जाने पर एपीओ मनरेगा प्रभारी विजय श्रीवास्तव ने कुछ नहीं बताया। खेत मजदूर सभा के राष्ट्रीय पार्षद राम कृत बियार ने जमालपुर ब्लाक में मनरेगा घोटाले का आरोप लगाया है और जांच की मांग की है। इस मामले में डीसी मनरेगा मो. नफीस ने बताया कि इस ब्लाक में ढाई- तीन करोड़ का भुगतान होना था। प्रभारी का मंगलवार को ही चार्ज हुआ था। उन्होंने क्या आदेश किया या किसका भुगतान हुआ। इसकी जानकारी नहीं है। वे जानकारी के बाद ही कुछ कह सकेंगे।