मिर्जापुर के लालगंज थाना क्षेत्र में एक कस्बे में सब्जी विक्रेता की किसी ने सोमवार रात हत्या कर शव को कुछ दूर स्थित उनके भूसे वाले मकान में छिपा दिया। मंगलवार की सुबह जब परिवार के सदस्य गाय के लिए भूसा लेने गए तो वहां पर उनका शव मिला। सूचना पर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
लालगंज कस्बा निवासी विजय गुप्ता ग्राम प्रधान हैं। उनके चाचा बसंत लाल गुप्ता उर्फ अली (35) सब्जी विक्रेता हैं। वह सब्जी कारोबार के बाद परिवार के साथ रहते थे। रात को वह खाना खाकर सो गए थे। मंगलवार की सुबह उनके परिवार के श्रीराम 500 मीटर दूर खजूरी नदी के किनारे भूसे वाले मकान में भूसा लेने गए थे।
वह भूसा निकालने लगे तो उसी समय उनके हाथ में बसंत लाल का पैर पकड़ में आ गया। जिससे वह भयभीत हो गए और शोर मचाने लगे। खबर लगते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए। भूसे में देखा तो बसंत लाल का शव मिला। शव को देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने देखा कि बसंत लाल के सिर में चोट लगी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी उमाशंकर सिंह, कोतवाल विजय कुमार चौरसिया के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच में जुट गई है।