मिर्जापुर के रैदानी कॉलोनी एक डॉक्टर के प्लॉट में उगी झाड़ियों में युवक का शव मिलने से सनसनी मच गई। शहर कोतवाली क्षेत्र के रैदानी कॉलोनी स्थित एक डॉक्टर के प्लॉट पर डॉक्टर के लापता पुत्र का शव मिला। सिर कूंच कर हत्या की गई थी। खोजबीन करते हुए परिजन प्लाट में पहुंचे तो उनको झाड़ियों के बीच शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
राजेंद्र कुमार शाह आंख के डॉक्टर हैं। 10 वर्ष पूर्व मंडलीय अस्पताल से सेवानिवृत्त हुए हैं। इस समय वह शहर कोतवाली क्षेत्र के रामबाग स्थित सूचना विभाग कार्यालय के ऊपर किराए के मकान में रहते हैं। उनका पुत्र सलिल कुमार शाह बिहार स्थित पैतृक मकान में रहकर खेती-बाड़ी करता है। जबकि उसकी पत्नी और बच्चे मिर्जापुर में रहते हैं।
पुलिस को मिली थी स्कूटी
बीते 30 नवंबर को सलिल मिर्जापुर आया था। नौ दिसंबर की शाम साढ़े छह बजे वह घर से निकलने के बाद लापता हो गया। परिजनों ने खोजबीन की पर वह नहीं मिला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शनिवार शाम को उसकी स्कूटी रैदानी कॉलोनी स्थित सड़क पर मिली।