मां विंध्यवासिनी का दरबार, दर्शन पूजन को उमड़े भक्त
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू के कारण मिर्जापुर जिले में स्थित मां विंध्यवासिनी माता का दरबार आम श्रद्धालुओं के लिये बंद कर दिया गया था। 51वें दिन, मंगलवार को मंगला आरती के बाद सुबह सात बजे मंदिर के पट भक्तों के दर्शन पूजन के लिए खोल दिए गए। इसी के साथ पूजा अर्चना का दौर शुरू हो गया।
मंदिर परिसर में घंट घड़ियाल, शंख नगाड़ा की धुन सुनाई देने लगी। सरकार की गाइडलाइन के अनुसार दर्शन पूजन का दौर शाम सात बजे तक ही चलेगा। इसके पश्चात आम श्रद्धालुओं के लिए फिर से 12 घंटे के लिए पूजन प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। फिलहाल सुबह सात से शाम सात तक ही मंदिर आम लोगों के लिए खुलेगा।
माता दरबार परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए गोला बनाया गया है। श्री विंध्य पंडा समाज की ओर से मंदिर पर पुरोहितों की ड्यूटी लगाकर एक बार में पांच लोगों के प्रवेश की व्यवस्था बनाई गई है। मां विंध्यवासिनी मंदिर प्रांगण में श्रीविंध्य पंडा समाज द्वारा अपील की जाती रही कि दर्शन पूजन करने आए भक्त मास्क लगाकर ही मंदिर परिसर में प्रवेश करें। जो भी भक्त मास्क नहीं लगाए हैं उनको प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एक बार मे पांच श्रद्धालु ही दर्शन को मंदिर में प्रवेश पा रहे हैं।