अहरौरा। लतीफपुर गांव के बिल्लो कुंड इलाके में बुधवार की रात एक सियार ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इसमें हमले में सो रही दो महिलाओं समेत आठ ग्रामीणों को काटकर जख्मी कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घेरकर सियार की पीटकर मार डाला। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने मामले की जांच पड़ताल की और सियार के शव को लेकर चले गए। हमले में घायल तीन लोगों का सीएचसी में इलाज कराया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार की रात सोते समय अचानक सियार दौड़ते हुए गांव में घुस आया। घर में सो रही रितु को काट लिया। थोड़ी दूर पर सो रही गीता काे हमला कर आबादी वाले इलाके में घुस गया। कन्हैया पाल के घर के बाहर बंधे पशुओं को दौड़ा-दौड़ाकर काटने लगा। बचाव के लिए पहुंचे पशुपालक कन्हैया के ऊपर भी सियार ने हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर लाठी और डंडे से लैस ग्रामीणों ने सियार को चारों तरफ से घेरकर पीट-पीटकर मार डाला। ग्रामीणों ने बताया कि एक सप्ताह पहले बरसाती को भी दौड़कर सियार ने काट लिया था। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन कर्मियों को दी। मौके पर पहुंचे वनकर्मी सियार के शव को लेकर चले गए। प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद राज मिश्रा ने कहा कि सूचना पर मौके पर वन कर्मियों को भेजा गया। जांच पड़ताल बाद इस संबंध में जरूरी कदम उठाए जाएंगे।