मिर्जापुर। मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने विकास कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि तय अवधि में काम पूरा नहीं कराने और गुणवत्ता की अनदेखी करने वाले संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं पर मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वह बुधवार को पथरहिया स्थित मंडलायुक्त कार्यालय के सभागार में मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में शत प्रतिशत धनराशि अवमुक्त हो चुकी है। आयुक्त ने कहा कि जिलाधिकारी कार्यदायी एजेसियों से प्रतिदिन की प्रगति प्राप्त करें। समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्था सीएनडीएस, पैक्फेड, आवास विकास तथा सिडको के द्वारा कराये जा रहे कार्यों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुये कहा कि परियोजनाओं को दिये गये समय पर पूर्ण न होने पर एफआईआर दर्ज कर कडी कार्यवाही की जायेगी।
बैठक में विन्ध्याचल में गंगा नदी के दाहिने किनारे पर स्नानघाट/दीवान घाट की शत प्रतिशत धनराशि अवमुक्त होने के बावजूद भी कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल विंग-16 के द्वारा दो महीने में मात्र दो प्रतिशत की प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुये कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। इसी प्रकार आईटीई जमालपुर, राजकीय माडल स्कूल बैरमपुर एवं महामलपुर, राजकीय इंटर कालेज बरौधा, ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर,तथा राही पर्यटक गृह को पूर्ण न होने पर कडी नाराजगी व्यक्त की गयी। लोक निर्माण विभाग के द्वारा थाना अहरौरा, गौ संरक्षण केन्द्र पटेहरा में शत प्रतिशत प्राप्त होने के बाद भी पूर्ण नहीं कराया गया। मानक से कम भौतिक प्रगति वाले परियोजनाओं में मुख्यमंत्री की घोषणा के अंतर्गत चुनार के ग्राम मेढिया में मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य शुरू करने तथा राजकीय मेडिकल कालेज, समाजवादी अभिनव विद्यालय, विन्ध्याचल में समेकित पर्यटन विकास, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौंहा, स्पर्श राजकीय दृष्टि बाधित बालिका इंटर कालेज, नवीन राजकीय हाईस्कूल पटेहरा, कोठी एवं लहंगपुर, अदलपुर, दाढी राम, राजकीय महिला पालीटेक्निक कालेज, समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय पटेहराकला एवं राजकीय संरक्षण गृह परसिया, तथा कलेक्ट्रेट में अनावासीय भवन की विस्तृत समीक्षा की गयी। पैकफेड के अधिशासी अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुये कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
जनपद भदोही में अपूर्ण परियोजनाओं में फायर स्टेशन भदोही, थाना भदोही ज्ञानपुर, सुरियावां, दुर्गागुज, थाना उॅज में बैरक तथा विवेचना कक्ष, 480 क्षमता राजकीय आश्रम पद्धति विद्याल वीरमपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर, पशु चिकित्सालय क्लीनिक भदोही, जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर भदोही ब्लक डीह एवं भदोही में कस्तूरबा गांधी विद्यालय परिसर में एकेडेमिक ब्लाक एवं हास्टल निर्माण कार्य की समीक्षा की गयी। जिसमें कस्तूरबा गांधी विद्यालय से हास्टल दूर होने पर आयुक्त ने सभी जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि किसी छात्राओं के लिये हास्टल का प्रस्ताव बनाने समय हास्टल स्कूल के आस-पास ही प्रस्ताव बनाया जाये तो छात्रओं के सुरक्षा व आने-जाने की सुविधा होगी।
इनसेट
सोनभद्र की भी हुई समीक्षा
मिर्जापुर। मंडलायुक्त ने सोनभद्र में अपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुर्तिया, जूडवरिया, बहुआर, जोगनी, लोहरतलिया, डोहरी तथा नरैना में शत प्रतिशत धन प्राप्त होने के बाद भी पूर्ण नहीं कराये जाने पर जिलाधिकारी सोनभद्र को निर्देशित किया। कहा कि वे इस पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने यह भी कहा कि पीएचसी तक पहुंच मार्ग भी किसी प्रस्ताव में लेकर बनवाया जाए। इसी प्रकार राजकीय माडल महाविद्यालय पूर्ण होने पर तत्काल हस्तांतरण कराने का निर्देश दिया गया। राजकीय महाविद्यालय बभनी में कार्य में तेजी लाने तथा राजकीय इंजीनियरिंग कालेज को पूरा कराने का आश्वासन संबंधित राजकीय निर्माण निगम के द्वारा दिया गया था। इसके बाद भी तीन माह में प्रगति चार प्रतिशत ही होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गयी तथा कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया। एकलव्य माडल आवासी विद्यालय, पिपरखॅंड, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरी, राजकीय इंटर कालेज राबटर्सगंज तथा डायट परिसर में बालिका छात्रावास के प्रगति की भी समीक्षा की। निर्माण की धीमी गति पर कार्यदायी संस्था यूपीएसआईसी को कड़ी फटकार लगाई और जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए।