नगर पालिका चुनार की लचर सफाई व्यवस्था के चलते क्षेत्र में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कहीं बजबजा रही नालियां तो कहीं नालियों से उठ रही दुर्गंध से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। गंदगी के चलते संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी हुई है।
अभी कुछ दिन पूर्व ही टम्मलगंज वार्ड के सभासद द्वारा साफ-सफाई व पेयजल व्यवस्था से नाराज होकर पालिका कार्यालय में तोडफोड़ की गई थी। साथ ही भरपुर वार्ड के सभासद के नेतृत्व में मुहल्ले के लोगों ने साफ-सफाई व पेयजल आपूर्ति के लिए बाजार स्टेशन मुख्य मार्ग पर जाम लगाया था। प्रदर्शन के दौरान एसडीएम चुनार भी तहसील जाते समय फंस गये थे। उन्होंने समस्या का संज्ञान लेते हुए तत्काल समाधान करने का निर्देश पालिका के अधिकारियों को दिया था। अधिकारी के निर्देश पर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार तो हो गया, लेकिन साफ- सफाई व्यवस्था अब भी चरमराई हुई है। लोगों का आरोप है कि पालिका क्षेत्र में भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने हुए साफ-सफाई कराई जा रही है। किसी इलाके में नियमित साफ - सफाई हो रही है तो कहीं महीनों से नाली की सफाई तक नहीं की जा रही है। सफाई के अभाव में नाली बजबजाती रहती है। नगर क्षेत्र के उसमानपुर, नागरपुर, स्टेशन रोड, दरगाह शरीफ मुहल्ले में गंदगी एवं बजबजाती नाली के दुर्गंध से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। लोगों ने साफ-सफाई व्यवस्था पटरी पर लाने के लिए पालिका प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।