मिर्जापुर। रोडवेज डिपो मिर्जापुर की 28 पुरानी बसों में ठंड के मौसम में कोहरे को देखते हुए फाॅग लाइटें लगा दी गई हैं। इससे पहले पुरानी बसें फाॅग लाइट के बगैर ही चल रही थीं।
ठंड के मौसम में कोहरे का असर भी बसों पर पड़ने लगता है। मिर्जापुर जिले में रोडवेज की बसों के ज्यादातर रूट पहाड़ी और जंगली क्षेत्र में पड़ते हैं।इसके चलते सुबह और रात के समय कोहरे में चालकों को बसों को चलाने में समस्या होती है। इसके अलावा जिले के विभिन्न रास्तों से होकर जाने वाली बसों को 15 ब्लैक स्पाॅट से भी गुजरना पड़ता है। इसके चलते हादसे की आशंका बनी रहती है। मिर्जापुर डिपो में 64 निगम और 17 अनुबंधित बसें हैं। हाल ही में मिर्जापुर रोडवेज डिपो को 10 नई बसें मिली हैं। कंडम हो चुकी बसें हटाई गई हैं। निगम की 64 बसों में करीब 36 एक से दो साल पुरानी हैं। इन नई बसों में सफेद लाइट के साथ ही फॉग लाइट (पीली लाइट) अलग से लगी हुई है। बाकी 28 पुरानी बसों में फॉग लाइट या पीली लाइट नहीं लगी थी। इस बीच रोडवेज की सभी पुरानी 28 बसों में फॉग लाइटें लगा दी गई हैं। इससे कोहरे में बसों के संचालन में समस्या नहीं होगी। जिन बसों के शीशे जाम थे। उन्हें भी ठीक करा दिया गया है। रोडवेज की एआरएम कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि ठंड के मौसम में कोहरे को देखते हुए बसों में फॉग लाइटें लगवा दी गई हैं। कुछ बसों में पहले से फॉग लाइट लगी है। जिन बसों में फॉग लाइट नहीं लगी थी, उसमें लगवा दी गई हैं।