विंध्याचल। मां विंध्यवासिनी के दरबार में शुक्रवार को महाकुंभ से लौटने वाले भक्तों का हुजूम उमड़ पड़ा। भोर से ही गंगा घाटों और गलियों से लेकर मंदिर तक कतारें लगी रहीं। मंदिर बंद होने तक दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। करीब आठ लाख श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में मत्था टेका।
पिछले दो दिनों से विंध्यधाम में फिर से श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। प्रयागराज से रात में भी आने का सिलसिला चल रहा है। शुक्रवार को भोर से ही मंदिर में लंबी कतारें लग गई थीं। गंगा स्नान के बाद लोगों ने माता का दर्शन पूजन किया और फिर वाराणसी के लिए रवाना हो गए। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अष्टभुजा पहाड़ पर विराजमान मां अष्टभुजी देवी और तारा देबी के भी दर्शन किए। श्रीविंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने बताया कि शुक्रवार को करीब आठ लाख श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी के दर्शन किए।