मध्याह्न भोजन योजना के तहत इन दिनों खाद्य सुरक्षा भत्ता देने की तैयारी की जा रही है। इसकी पारदर्शिता के लिए विद्यालयों में पंजीकृत बच्चों का विवरण प्रेरणा पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। प्रधानाध्यापकों से कहा गया कि मिड डे मील से जुड़े कक्षा एक से आठ तक के सभी विद्यार्थियों का डाटा अपलोड कराना अनिवार्य है। चेतावनी दी गई कि पोर्टल पर डाटा अपलोड न कराने वाले प्रधानाध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई तक की जा सकती है।
शासन ने शत-प्रतिशत छात्रों के अभिभावकों के बैंक खातों में एमडीएम के कन्वर्जन कास्ट की धनराशि पीएफएमएस से भी भेजना अनिवार्य कर दिया है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरण आनंद ने इस बाबत पत्र भेजा है। कहा गया कि इसमें समय से धनराशि न भेजे जाने पर शासन स्तर से संबंधित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस समय जिले में 398 कंपोजिट विद्यालय, 1200 प्राथमिक विद्यालय, 208 उच्च प्राथमिक सहित कुल 1806 विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इनमें पंजीकृत लगभग दो लाख 95 हजार बच्चें योजना से आच्छादित हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ ही जिला समन्वयक एमडीएम को निर्देशित किया है ताकि पोर्टल पर डाटा को ससमय अपलोड कराया जा सके। डाटा अपलोड नहीं कराने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। वहीं परिषदीय विद्यालयों में प्रेरणा पोर्टल व अन्य के लिए बीएसए ने विकासखंड वार निरीक्षण के लिए डीसी को निर्देश दिया है। सात डीसी जिले के 14 विकास खंड में निरीक्षण का कार्य करेंगे।