मिर्जापुर। कटरा और चुनार कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की सुबह हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा। चुनार क्षेत्र के अदलपुरा में हुई दुर्घटना में जान गवांने वाला मारकंडेय हेलमेट नहीं लगाए था। अगर वह हेलमेट लगाए होता तो उसकी जान बच सकती थी।
कटरा कोतवाली क्षेत्र के बरौधा कछार मोहल्ला निवासिनी चंद्रावती (60) पत्नी गिरजाशंकर विश्वकर्मा प्रतिदिन की भांति मंगलवार की भोर में चार बजे टलहने निकली थी। वह घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर बरौधा पुलिस चौकी के पास पहुंची थी कि सोनभद्र से बनारस की ओर तेज गति से जा रहे ट्रक ने बिजली के पोल में टक्कर मारते हुए महिला को कुचल दिया। पहिये के नीचे आने के चलते चंद्रावती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सुबह साढ़े पांच बजे जब मोहल्ले के लोग टहलने के लिए निकले तो चंद्रावती के शव को सड़क पर पड़ा देखा। परिजनों को सूचना दी तो बेटा समेत अन्य लोग घटना स्थल पर पहुंचे। पुत्र ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
सीखड़ संवाददाता के अनुसार दूसरी दुर्घटना चुनार कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय सब्जी अनुसंधान संस्थान अदलपुरा के पास हुई। अदलपुरा क्षेत्र के पुरानी छावनी केलाबेला गांव निवासी मारकंडेय विश्वकर्मा (18) वर्ष ुत्र चंद्रिका विश्वकर्मा संतपाल इंटर कॉलेज अदलपुरा में कक्षा 11 छात्र था। वह प्रतिदिन अदलपुरा खेल मैदान पर खेलने जाता था। मंगलवार की सुबह वह खेल मैदान से दूसरे की बाइक लेकर अपने एक साथी पवन (15) पुत्र राजकुमार पटेल निवासी अदलपुरा के साथ वाराणसी के मोहनसराय जा रहा था। अदलपुरा के पास स्थित राष्ट्रीय सब्जी अनुसंधान संस्थान के सामने पहुंचा तो उसकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में मारकंडेय की मौके ही मौत हो गई जबकि उसका साथी पवन घायल हो गया। युवक अपने पिता का बड़ा लड़का था। परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है। मारकंडेय हेलमेट नहीं लगाए था। लोगों का कहना है कि अगर वह हेलमेट लगाए होता तो उसकी जान बच सकती थी। हादसे में उसके सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं थी। उसके साथ बाइक पर पीछेे बैठा पवन भी हेलमेट नहीं लगाए था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।