खंदारी गढ़ी इलाके में अमित कुमार गौतम की हत्या को अभी 15 दिन भी नहीं बीते थे कि मंगलवार सुबह करीब छह बजे बागला कॉलेज मैदान में खंदारी गढ़ी के ही एक दलित युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर रक्तरंजित शव के खून से सनी ईंटे पड़ी हुई थीं, जिससे माना जा रहा है कि इन्हीं ईंटों से चेहरे को कुचलकर युवक की हत्या की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराने में पुलिस को परिजनों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। भाई की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मृतक के भाई रोहताश के मुताबिक अमित उर्फ पिंकू (32) पुत्र सूबेदार घरों में पुट्टी करने का काम करता था। उसके तीन बच्चे हैं। सोमवार रात करीब आठ बजे पिंकू अपनी पत्नी रजनी से मूंगफली खरीदने की बात कहकर घर से गया था। रोहताश का कहना है कि बाजार में पिंकू उसे मिला था। उसने अपनी जान को खतरा बताया था। पिंकू ने उससे कहा था कि कुछ लोग मुझे मारना चाहते हैं, लेकिन मार नहीं सकेंगे।
इसके बाद देर रात कुछ लोगों ने खंदारी गढ़ी के ही नूर नवी और दो अज्ञात युवकों को पिंकू के साथ देखा था। इसके बाद से ही उसका पता नहीं चल रहा था। परिजन पिंकू को तलाश रहे थे। मंगलवार सुबह बागला कॉलेज मैदान में शौच को गए कुछ लोगों ने पिंकू का शव पड़ा होने की जानकारी परिजनों को दी। रोहताश को पूरा शक है कि हत्या नूर नवी और उसके दोनों अज्ञात साथियों ने की है।
सूचना पाकर मौके पर जांच के लिए जहां एसपी और एएसपी भी पहुंचे। वहीं डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।
खंदारी गढ़ी में 15 दिनों के भीतर हुए इस दूसरे हत्याकांड से इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। शव को पोस्टमार्टम हाउस ले जाने के दौरान पुलिस और पिंकू के परिजनों के बीच तीखी नोक-झोंक भी हुई, जिससे वहां हंगामा खड़ा हो गया। एहतियातन कई थानों की फोर्स को यहां बुला लिया गया। खंदारी गढ़ी के अलावा पोस्टमार्टम हाउस पर भी भारी-भरकम फोर्स तैनात रहा।
किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पीएसी को भी बुला लिया गया। पोस्टमार्टम हाउस पर पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए कई नेता भी पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच पिंकू के शव को खंदारी गढ़ी स्थित श्मशान घाट ले जाया गया, जहां शव का दाह संस्कार किया गया। इस मामले में देर शाम तक किसी भी आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। एसपी घुले सुशील का कहना है कि बागला कॉलेज मैदान में युवक का शव मिला है। मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इसकी रिपोर्ट के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।