लालगंज। क्षेत्र के बल्हिया खुर्द गांव के सामने शुक्रवार की रात करीब आठ बजे ट्रक व टेंपो में भिड़ंत में टेंपो चालक बस्तरा पांडेय निवासी सुरेश पाल 25 पुत्र शुकुरू पाल की मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर जाम खुलवाने में लगी रही।
सुरेश प्रतिदिन की तरह शाम के समय अपने घर जा रहा था। वह बल्हिया खुर्द गांव के सामने पहुंचा तो मध्य प्रदेश की ओर से मिर्जापुर की ओर जा रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सुरेश की मौके पर मौत हो गई। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। जाम लगते ही सड़क के दोनों तरफ गाडिय़ों की लंबी लाइन लग गई। परिजन घटना स्थल पर उच्चाधिकारियों के बुलाने की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीण परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। थानाध्यक्ष प्रमोद यादव परिजनों को समझाकर जाम खुलवाने में लगे रहे। रात नौ बजे तक जाम नहीं खुला था।