अहरौरा। विद्युत उपकेंद्र पर लगे 132 केवीए के ट्रांसफाॅर्मर में उतरे करंट से 10 दिन पहले सफाई के दौरान झुलसे संविदाकर्मी की सोमवार को ट्राॅमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। कर्मचारी के घर वालों ने उपकेंद्र के मेन गेट पर शव को रखकर मुआवजे के लिए प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने आश्वासन देकर शांत कराया। इस दौरान सभी फीडरों की आपूर्ति दिनभर बंद रही।
क्षेत्र के धुरिया निवासी राम सकल यादव (33) खासडीह विद्युत केंद्र पर विद्युत ट्रांसमिशन में संविदा पर चौकीदार थे।
तीन मई को सफाई करने के दौरान 132 केवीए के ट्रांसफाॅर्मर में उतरे करंट की चपेट में आकर से झुलस गए थे। उन्हें सीएचसी से ट्राॅमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान सोमवार को यहां उनकी मौत हो गई। घर वालों ने सोमवार की दोपहर विद्युत उपकेंद्र के मेन गेट पर शव रख दिया। इसके बाद मुआवजे के लिए हंगामा किया। इस दौरान नगर सहित समस्त फीडर बंद कर दिए गए। इससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
पुलिस ने समझाने का प्रयास किया पर वे नहीं माने। जानकारी होते ही तहसीलदार चुनार योगेश्वर शरण शाह विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदार से वार्ता कर पीड़ित परिवार को सहायता व आर्थिक मदद का आश्वासन दिया गया।