जिगना। थाना क्षेत्र के बरबटा गांव में सोमवार की सुबह साढ़े पांच बजे जमीन के विवाद में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष के लोगों ने तीन महिलाओं सहित छह लोगों को घायल कर दिया। दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति घायल हुआ। पुलिस चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।
जिगना थाना क्षेत्र के ग्राम बरबटा के मजरा सदलूपुर गांव में राम छबीले व रामराज के मध्य जमीन का विवाद चला आ रहा है। कई बार मामला थाना पर गया। पुलिस ने दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान भी किया था। सोमवार की सुबह साढ़े पांच बजे सुगिया देवी (56) मवेशी बांधने के लिए खूंटा गाड़ रही थी। इस दौरान दूसरे पक्ष के रामराज बिंद व उनके परिवार के लोग पहुंचे और ऐसा करने से मना करने लगे। इसके बाद सुगिया को लाठी से पीट दिया। शोर सुनकर पहुंचे सुगिया के पुत्र रामछबीले, राजू, कंचन देवी, बविता देवी, विशाल को पीट कर घायल कर दिया। दूसरे पक्ष से रामराज घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को पीएचसी विजयपुर सर्रोई भेजा। वहां से चिकित्सक ने सुगिया व राम छबीले को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि एक पक्ष की तहरीर के आधार पर रामराज आदि चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।