मिर्जापुर। भारत छोड़ो आंदोलन की 79वीं जयंती पर महंगाई, भ्रष्टाचार, बेटियों पर अत्याचार व रोजी-रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को दो दिवसीय पदयात्रा शुरू की। पहले दिन चुनार, छानबे व मड़िहान विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा निकाली गई और भाजपा गद्दी छोड़ो का नारा लगाया।
चुनार, विधानसभा क्षेत्र में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिव कुमार सिंह पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ता टेकउर से प्रारंभ करके सैकड़ों की संख्या के साथ लोग चुनार नगर का भ्रमण करते हुए तहसील मुख्यालय पर पहुंचे और रैली का समापन किया। मुख्य अतिथि उज्ज्वल शुक्ला ने कहा कि पेट्रोल डीजल महंगा होने से जरूरी सामान के दाम बढ़ रहे। लेकिन सरकार ध्यान नहीं दे रही। कहा कि पीएम का सभी के खाते में 15 लाख भेजने का वादा भी अधूरा है। कांग्रेस ने पीएम के अन्नोत्सव कार्यक्रम की भी निंदा की। जिला अध्यक्ष शिवकुमार सिंह पटेल ने कहा कि मोदी-योगी चाहते हैं कि रोजगार न देना पड़े, युवा स्वरोजगार के नाम पर पकौड़ा तले। कार्यक्रम में शिव शंकर चौबे, गुलाब चंद्र पांडेय, आदित्य गुप्ता, नगर अध्यक्ष चुनार राजेश मिश्रा ज्योति, रमेश पटेल, बृजेश द्विवेदी आदि शामिल थे। लालगंज, प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर छानबे विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसियों ने पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी के नेतृत्व में रैली निकाली। रैली लालगंज बापू उपरौध इंटरमीडिएट कॉलेज से होते बाजार चक्रमण करते हुए तहसील मुख्यालय के सामने पहुंचकर समाप्त हुई। पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने अगस्त क्रांति के अवसर पर देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को देखते हुए भाजपा गद्दी छोड़ो का मार्च किया है। शशिभूषण द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य कृष्ण गोपाल चौधरी, इश्तियाक अंसारी, जनार्दन पाठक, सिराज खान ,कमलेश दुबे, सीता देवी आदि थे। तहसील मुख्यालय पहुंचने पर उप जिलाधिकारी अमित कुमार शुक्ला ने कांग्रेस जनों को 144 धारा का हवाला देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की स्थिति में संवैधानिक नियमों का उल्लंघन नहीं होने दिया जाएगा। मड़िहान विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा गद्दी छोड़ो पदयात्रा निकाली गई।