मिर्जापुर। राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को जिलाधिकारी से मिलकर 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा। कहा कि ग्राम पंचायत के कई कार्यों को महिला समूहों को सौंप दिया गया है। उसे ग्राम पंचायतों को सौंपा जाए।
इस अवसर पर संगठन के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव चंदू ने कहा कि ग्राम पंचायतों द्वारा बनाए गए सामुदायिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था का कार्य स्वयं सहायता समूहों को सौंप दिया गया है। उनको ग्राम पंचायत कोष से प्रतिमाह नौ हजार रुपये देने का निर्देश दिया गया है, इसे समाप्त किया जाए। यह अधिकारी ग्राम पंचायतों को ही दिया जाए। साथ ही परिषदीय विद्यालयों की बिजली का बिल बीएसए कार्यालय से लेने की बात कही गई। इसके साथ ही अन्य वक्ताओं ने भी अपनी बात रखी। कहा कि ग्राम पंचायत के जो अधिकार हैं, उनको न छीना जाए। इस अवसर पर रामदेव सरोज, अरूण कुमार यादव, रमेश सिंह, विमला यादव, कमली यादव, शीला, जवाहर लाल आदि थे।