जिले में शीघ्र ही समेकित दिव्यांग विद्यालय खुलने जा रहा है। इसके लिए पटेहरा विकास खंड के दीपनगर के पास 17 करोड़ की लागत से विद्यालय निर्माणाधीन है। इससे विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा मिल सकेगी। विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों को अभी शिक्षा के लिए वाराणसी या प्रयागराज की शरण लेनी पड़ रही है।
इस आवासीय विद्यालय में कक्षा छह से कक्षा 12 तक की शिक्षा प्राप्त की जा सकेगी। जिले में विशिष्ट आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए एक भी इस प्रकार का माध्यमिक विद्यालय नहीं है। अब इस विद्यालय से इस कमी की भरपाई हो सकेगी। इसमें एक फ्लोर का काम पूरा हो चुका है। शीघ्र ही अन्य निर्माण पूरा कराया जाएगा। इसमें बालिका व बालकों के लिएअलग-अलग हास्टल का भी निर्माण कराया जा रहा है। हालांकि शासन के निर्देशानुसार सभी माध्यमिक विद्यालयों में विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों का नामांकन हो सकता है और वे वहां जाकर पढ़ाई कर सकते हैं। विशेषकर दृष्टि बाधित दिव्यांग बच्चे किसी भी विद्यालय में नामांकन कराकर शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं, लेकिन व्यवहार में यह हो नहीं पा रहा है। इसलिए इस प्रकार के विद्यालय की आवश्यकता महसूस की गई। जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी राजेश सोनकर का कहना है कि समेकित दिव्यांग विद्यालय का निर्माण तेजी से चल रहा है। शीघ्र ही निर्माण कार्य पूरा हो जाने पर बच्चों का पंजीकरण कराया जाएगा। एक फ्लोर का निर्माण हो चुका है।