विंध्याचल पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात को पैसे के लेनदेन के विवाद में गोली मारने वाले आरोपी समेत तीन के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अभी दो आरोपी फरार है।
विंध्याचल थाना क्षेत्र न्यू वीआईपी रोड के पास बृहस्पतिवार की रात को दो पक्षों में लेन-देन के विवाद के बाद एक पक्ष ने नीरज सोनी पर तमंचा तान लिया। छीनाझपटी में तमंचे से गोली चल गई जो नीरज के पैर को छूते हुए जमीन में जा लगी। । पुलिस ने घायल नीरज का मेडिकल कराया। दोपहर तक पुलिस गोली चलने की घटना से इंकार किया। मामले में एएसपी सिटी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने नीरज सोनी की तहरीर पर विष्णु, ओम बाबू और रामबाबू के खिलाफ जानलेवा हमला करने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने घायल का डाक्टर के पैनल में दोबारा मेडिकल कराने का निर्देश दिया। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपित की तलाश में थी। विंध्याचल कोतवाल नीरज पाठक ने शनिवार को रामबाबू उर्फ रामू पुत्र हरिशचन्द्र पाल उर्फ बोड़र्ड निवासी छोटकी महुवरियां पावर हाउस को विन्ध्य रेजीडेन्सी होटल के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फरार दो आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी है।