चुनार। वाराणसी से सोनभद्र आने जाने वाले सरकारी बसों के ठहराव की मांग स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी से की है। वाराणसी से चलकर नगर से होते हुए नियमित सैकड़ों की संख्या में सरकारी बस सोनभद्र की ओर आती जाती है। लेकिन चुनार में बस का ठहराव न होने से नगर के लोगों को इसका कोई फायदा नहीं मिल पा रहा है।
इन बसों के आने- जाने से नगर के मुख्य मार्ग पर परिचालन के कारण बराबर अन्य छोटे बड़े वाहनों को मार्ग से गुजरने में परेशानी भी झेलनी पड़ती है। इसके बाद भी इससे नगर की जनता को बस परिचालन का कोई लाभ नही मिल रहा है। लोगों का कहना है कि इन बसों का ठहराव नगर में हो जाय तो काफी अच्छा होगा और यदि ठहराव नहीं हो सकता तो कम से कम राह में खड़े आने- जाने वाले लोगों को बस रोककर बैठाने लगें तो भी काफी सहूलियत होगी और लोगों को सुरक्षित यात्रा का लाभ भी मिलेगा। नियमित ही नगर से बड़ी संख्या में व्यापारी, नौकरी करने वाले सरकारी सेवक व शिक्षा अर्जन करने के लिए छात्र- छात्राओं का वाराणसी आना जाना होता है। सुबह के समय तो यह प्राइवेट साधन से किसी तरह चले जाते हैं लेकिन शाम को उन्हें वापस आने के लिए साधन के लिए दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है।